झीलों की नगरी उदयपुर, जो पहले से ही देश-दुनिया में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी खास पहचान रखती है, अब एक और वैश्विक ब्रांड की मेजबानी करने जा रहा है। डोल्से होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने भारत में अपने पहले लक्ज़री रिसोर्ट की शुरुआत के लिए उदयपुर को चुना है। वियतनाम की राजधानी हनोई में ‘गोल्डन होटल’ के लिए चर्चित यह अंतरराष्ट्रीय समूह अब मेवाड़ की धरती पर प्रीमियम आतिथ्य का नया अध्याय लिखने की तैयारी में है। उदयपुर में आयोजित लॉन्चिंग समारोह में शहर की कई प्रमुख हस्तियां और उद्योग जगत से जुड़े लोग शामिल हुए। भारतीय हॉस्पिटैलिटी की फाइन एर्सस कंपनी ने विंडहैम होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ डोल्से होटल्स एंड रिसॉर्ट्स को पहली बार भारत में लाया गया है। उदयपुर शहर के पास कोड़ियात में हुए कार्यक्रम में इस रिसॉर्ट की नींव को रखा गया। कोडियात स्थित डोल्से रिसॉर्ट में आयोजित गाला साइनिंग समारोह में वरिष्ठ उद्योग जगत की हस्तियां, बॉलीवुड सितारें, वैश्विक निवेशक, प्रमुख हितधारक और व्यंडहम होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। व्यक्तिगत निवेशकों को बेची जाएगी 70 प्रतिशत यूनिट्स फाइन एर्सस के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक दिनेश यादव ने बताया कि देश में पहली डोल्से बाय विंडहैम उदयपुर और दूसरी डोल्से बाय विंडहैम गोवा होगी। इन रिसॉर्ट्स को यूनिट सेल्स मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत यूनिट्स व्यक्तिगत निवेशकों को बेची जाएगी और उन्हें एक प्रबंधित रेंटल पूल में पूरी तरह लीज-बैक किया जाएगा। इस दौरान विंडहैम के मार्केट मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल मैकेरियस आदि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि वियतनाम की राजधानी हनोई में डोल्से हनोई गोल्डन लेक होटल की हर चीज पर सोने की परत चढ़ी है। होटल के दरवाजे, खिड़कियां, फर्नीचर, नल, वॉशरूम समेत हर चीजों को बनाने में सोना का इस्तेमाल किया गया है। होटल में खाने के बर्तन भी सोने के बने हुए हैं। इसी डोल्से ग्रुप का रिसोर्ट उदयपुर में आगामी सालों में तैयार होगा।


