गोहत्या के विरोध में कांग्रेस ने निकाली गोरक्षा यात्रा:खाचरियावास ने दी राजभवन और विधानसभा घेराव की चेतावनी

विद्याधर नगर क्षेत्र में युवाओं ने गोरक्षा यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी की गई। गोहत्या के विरोध में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। खाचरियावास ने आरोप लगाया- गाय के बछड़े की हत्या की घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश है, लेकिन अब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधायक गोपाल शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राजभवन जयपुर और राजस्थान विधानसभा भवन का घेराव की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस पर दबाव बनाकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जो निंदनीय है। यदि सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। राज्यभर में आंदोलन का ऐलान
प्रताप सिंह खाचरियावास ने घोषणा की कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में गोरक्षा यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा- यह घटना गोरक्षा कानून और संविधान दोनों का अपमान है। आरोपी द्वारा वीडियो में गलती स्वीकार करने के बावजूद कार्रवाई न होना गंभीर सवाल खड़े करता है। पैदल मार्च में सुमित शर्मा, चतर सिंह, प्रदीप तिवारी, विजय मीणा, नरेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान “मुख्यमंत्री जवाब दो”, “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- जब तक दोषी विधायक और संबंधित लोगों को सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर न्याय की लड़ाई लड़ने की अपील की। बता दें कि 9 फरवरी को श्याम नगर थाना इलाके में बछड़े का सिर काटकर चौराहे पर लटकाने की सूचना देने का मामला सामने आया था। इसके बाद पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और सिविल लाइंस के पूर्व पार्षद दशरथसिंह शेखावत ने मोर्चा खोल ​दिया है। 9 फरवरी को गाय के दूध नहीं देने पर पशु डेयरी संचालक सत्यनाराण उर्फ बंटी शर्मा बछड़े का कटा हुआ सिर ले आया और गाय के सामने टांग दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस उसे थाने ले गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *