भास्कर न्यूज | लुधियाना भारतीय उद्योग परिसंघ लुधियाना जोन का वार्षिक सत्र 2025-26 में उद्योगपतियों भाग लिया। इस अवसर पर नेतृत्व परिवर्तन के साथ जिला प्रशासन के साथ संवाद हुआ। सत्र में गौतम ढल्ल, डायरेक्टर, एमसन गियर्स लिमिटेड को नया जोनल चेयरमैन और ऋषि गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर, कोवा फास्टनर्स को वाइस चेयरमैन चुना गया। निवर्तमान चेयरमैन और टीके स्टील्स के पार्टनर लोकेश जैन ने सदस्यों और अतिथियों का स्वागत करते हुए 2024-26 कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान और विकास के माध्यम से नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी से नए दृष्टिकोण और आधुनिक ज्ञान मिलते हैं, जिससे लुधियाना का उद्योग वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकता है। पदभार संभालते हुए गौतम ढल्ल ने उद्योग और सरकार के बीच मजबूत समन्वय का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पंजाब की औद्योगिक रीढ़ माने जाने वाले लुधियाना को सक्रिय नीति समर्थन की आवश्यकता है। ऋषि गुप्ता ने भी एमएसएमई और बड़े उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता व स्थिरता बढ़ाने के लिए संगठित प्रयासों की बात कही। कार्यक्रम में सीआईआई पंजाब स्टेट के चेयरमैन अमित जैन ने नई टीम को कार्यभार सौंपा। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन और नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कात्याल गुप्ता के साथ संवाद किया। उद्योगपतियों ने वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, फोकल पॉइंट में कचरा डंप यार्ड, सीएलयू प्रक्रिया, औद्योगिक भूमि विस्तार और पुरानी माइग्रेशन नीति को पुनर्जीवित करने जैसे मुद्दे उठाए। पूर्व चेयरमैन जेआर सिंघल ने औद्योगिक क्षेत्रों के डंप साफ कराने और पार्कों के रखरखाव में अपने निजी योगदान का उल्लेख किया। एसएस भोगल ने औद्योगिक समस्याओं के लिए अधिकारी नियुक्त करने और “ओल्ड बर्मिंघम पॉलिसी” मॉडल लागू करने का सुझाव दिया। ट्रैफिक और चालान कैमरों को लेकर भी चिंता जताई गई। डिप्टी कमिश्नर ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और बाढ़ के दौरान उद्योग जगत के सहयोग की सराहना की। नगर निगम आयुक्त ने ई-नक्शा प्रणाली, भूमि स्वीकृति और एनओसी प्रक्रिया को सरल बनाने का आश्वासन दिया।


