भास्कर न्यूज | डौंडी गर्ल्स फुटबॉल क्लब की बालिकाएं शिवानी, कोमेश्वरी, दामिनी, राशि, आध्यात्मिका व चांदनी का चयन राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर-17 के लिए किया गया है। यह चयन संभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। प्रतियोगिता में आध्यात्मिका, राशि, चांदनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दामिनी और कोमेश्वरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। शिवानी ने चौथा स्थान प्राप्त किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता रायपुर में आयोजित होगा। इस प्रतियोगिता में उत्तम प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। गर्ल्स फुटबॉल क्लब की बालिकाएं निरंतर अभ्यास और मेहनत के कारण अपने-अपने स्कूलों का नाम रोशन कर रही हैं। गर्मी, सर्दी और बारिश सभी मौसमों में निरंतर कड़ी मेहनत के बावजूद आधारभूत सुविधाओं की कमी से जूझते हुए भी ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से नगर और जिला का नाम उच्च स्तर पर बढ़ा रही हैं। विगत कई वर्षों से राज्य स्तरीय फुटबॉल और कोरबा ओपन प्रतियोगिताओं में यहां की बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर पर भी होता रहा है।