लुधियाना रविवार को पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) जनपथ द्वारा इस्कॉन मंदिर स्टीयरिंग बोर्ड के सहयोग से आयोजित चौथी भव्य श्री श्री गौर निताई रथयात्रा अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। दोपहर 1 बजे प्राचीन गौशाला डिवीजन नंबर 3 से शुरू हुई इस दिव्य यात्रा में पूरा मार्ग राधे-राधे और हरि बोल के जयघोष से गूंज उठा। रथयात्रा के पूरे मार्ग को किसी नवविवाहित दुल्हन की तरह भव्य रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों और विशेष सजावट के बीच भगवान गौर निताई के रथ को विशेष रूप से देशी और विदेशी फूलों से सजाया गया था। इसका फूल बंगला दृश्य पूरी यात्रा के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे मार्ग में अनेकों स्वागती मंच बनाए गए थे, जहां से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और भारी उत्साह के साथ भंडारा-प्रसाद वितरित किया गया। प्रसिद्ध गायक गोरामणी के भजनों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे। विशेषकर महिलाएं भक्ति में लीन होकर नृत्य करती दिखीं। यात्रा के दौरान शिव पालनहार सेवा संघ द्वारा विशेष महाआरती की गई। यह रथयात्रा बाबा थान सिंह चौक, शृंगार सिनेमा, समराला चौक, गुरु अर्जुन देव नगर और ग्रीनलैंड स्कूल से होते हुए सेक्टर 32ए स्थित मां वैष्णो धाम पहुंचकर संपन्न हुई। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में इस्कॉन जनपथ व बोर्ड के अध्यक्ष रक्षा नाथ दास, उप-चेयरमैन राजेश हांडा, को-चेयरमैन अमित गर्ग, महासचिव योगेश गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय सिंघानिया, अनिल सिंघानिया, अविनाश गुप्ता, राजेश न्यूटिया, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता और विनय गर्ग ने मुख्य भूमिका निभाई। रथयात्रा प्रोजेक्ट डायरेक्टर सोनू अजमानी, सौरभ गर्ग, दीपांशु कालड़ा के साथ कमल पसरीचा, योगेश चावला, पंकिश अग्रवाल, लोकेश मोदी, शिव बांसल, पुनीत बांसल, चेतन सिंघल, शम्मी अजमानी, सुरेंद्र कालड़ा, संयम मलिक, शुभम बांसल, विवेक गुप्ता, डिंपल कालड़ा और सिद्धार्थ जिंदल ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण वैभव के साथ की गई थीं। चंडीगढ़ रोड स्थित मां वैष्णो धाम के समीप भव्य रथयात्रा मां वैष्णो धाम प्रबंधकीय कमेटी के प्रमुख सदस्यों ने एकजुट होकर रथयात्रा पर पुष्प वर्षा की और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भव्य स्वागत समारोह में संदीप सिंगला, संजीव जैन, नरिंदर बहल, राजिंदर बजाज, पंकज महाजन, एस. के. गुप्ता, सुरेश गोयल, देवेंद्र अग्रवाल, सिकंदर मल्होत्रा, विनय सिंगला, संजीव चावला, विक्की बंसल, सुबोध सूद, अमरजीत सिंह टोना, तेजिंदर सिंह, सतनाम सिंह, राजिंदर चुघ और राज मल्होत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।


