गुना शहर की कैंट पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की है। पिकअप में क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे गौवंश को आजाद कराया। पिकअप में कैरेट की आड़ में गौवंश भरा था। वाहन चालक अपना वाहन छोड़कर भाग गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार रात कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फतेहगढ़ तरफ से एक पिकअप वाहन में पीछे की बॉडी में प्लास्टिक की कैरेट के नीचे अवैध रूप से गाय के बछड़े भरकर फतेहगढ़ रोड़ से गुना एबी रोड़ की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के मिलने पर कैंट थाने से पुलिस की एक टीम फतेहगढ़ रोड़ पर महूगढ़ा रेल्वे फाटक पर पहुंची। वहां वाहन के आने का इंतजार किया। कुछ ही समय बाद मुखबिर की बताई पिकअप के आते हुए दिखाई देने पर पुलिस फोर्स ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो उसका चालक वाहन को एकदम से साइड से लेकर भगाते हुए गुना तरफ ले गया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो फतेहगढ़ तिराहे के पास वाहन चालू हालत में खड़ा मिला। ड्राइवर अंधेरे का फायदा लेकर वहां से भाग निकला। पुलिस ने वाहन को चैक किया तो पीछे बॉडी में डबल पार्टीशन था। ऊपर प्लास्टिक की कैरेट रखी हुई थीं, जिसके नीचे क्रूरता पूर्वक और ठूंस-ठूंसकर 10 नग गाय के बछड़े भरे मिले। पुलिस ने बछड़ों को आजाद कराकर कैंट गौशाला भिजवाया। अवैध पशु परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 42 जेडडी 1243 को जब्त कर लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कैंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी TI अनूप कुमार भार्गव, ASI संतोष तिवारी, उत्तम सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक प्रदीप धाकड़, बालस्वरूप मीना, आरक्षक राजीव रघुवंशी, संजय जाट की भूमिका रही।


