सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर 60 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र की शुरुआत की गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी से वर्चुअल माध्यम से देश को संबोधित किया। सभी ग्राम पंचायतों में इसका सीधा प्रसारण किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायतों को भूजल संरक्षण का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों और महतारी वंदना योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बताया कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से अब पंचायत में ही महतारी वंदना योजना की राशि निकाली जा सकेगी। जिले में पहले चरण में विभिन्न विकास खंडों के 60 ग्राम पंचायतों में यह केंद्र शुरू किए गए हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही एक छत के नीचे सभी आवश्यक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। डिजिटल केंद्र से लोगों को मिलेंगी सुविधाएं उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों के माध्यम से आमजन को जन्म एवं मृत्यू पंजीयन एवं प्रमाण पत्र, आय, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए इन केंद्रों पर नगद आहरण, फंड ट्रांसफर, जीवन, सामान्य एवं कृषि बीमा, पेंशन योजनाएं और पैन कार्ड से जुड़ी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही सरकारी योजनाओं के पंजीयन, पासपोर्ट आवेदन, बिजली बिल भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के माध्यम से प्रमाण पत्रों की सुविधा भी इन केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राम पंचायत भैयाथान में आयोजित हुआ कार्यक्रम यह सुविधा न केवल ग्रामीणों की समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि उन्हें शहरों जैसी डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी। सरकार की यह योजना गांवों के विकास और आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। यह जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत भैयाथान में आयोजित किया गया। इस दौरान अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से महिला हितग्राहियों द्वारा पैसे का आहरण भी किया गया।


