भास्कर न्यूज | पटना पटना में आमजन तक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने के लिए फरवरी माह में छिदिया चौक पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम (फोक मिड-मीडिया एक्टिविटीज) आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य, बच्चों में हृदय रोग, टाइप-1 डायबिटीज और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना था। यह आयोजन स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ और एमसीसीएसआर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। विशेषज्ञों में डॉ. गजेंद्र सिंह, डी. श्याम कुमार, डॉ. श्वेताभ त्रिपाठी और सुरभि शुक्ला शामिल थे। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली और जागरूकता की कमी के कारण मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, वहीं बच्चों में हृदय रोग, डायबिटीज और सिकल सेल जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार आवश्यक है। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में गीत, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संदेश सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किए। जनता ने प्रस्तुतियों में रुचि दिखाई और विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया। पोस्टर और सूचना सामग्री का वितरण कर ज्ञान को समुदाय तक पहुंचाया गया। आयोजकों ने बताया कि सांस्कृतिक माध्यम संदेश को प्रभावशाली और स्मरणीय बनाता है। अभियान का दूसरा चरण 25 फरवरी को विकासखंड पटना और सोनहत में आयोजित होगा, जिससे ग्रामीण और शहरी आबादी तक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ सके।


