डिंडोरी में शनिवार शाम शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की गाड़ी ग्रामीणों ने रोक ली। ग्रामीण सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने विधायक से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। विधायक धुर्वे शाम करीब सात बजे परसेल ग्राम पंचायत के पोषक ग्राम पिंडरुखी में एक भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में ग्रामीण युवा पत्थर रखकर बैठे थे। जैसे ही विधायक की गाड़ी पहुंची, उन्होंने उसे रोक लिया और सड़क निर्माण में धांधली का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायतें रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सीसी सड़क निर्माण में हुई कथित गड़बड़ी की शिकायत कलेक्टर की जनसुनवाई और जिला पंचायत सीईओ को भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विधायक से कहा कि वे भी उसी खराब रास्ते से होकर जाएं। इसके बाद विधायक बिना कार्यक्रम में शामिल हुए ही वापस लौट गए। विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ग्रामीण उन्हें नहीं रोकेंगे तो किसे रोकेंगे, यह उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने ही उन्हें चुनकर विधायक बनाया है और उनकी समस्याओं को सुनना उनकी जिम्मेदारी है। विधायक ने आगे बताया कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और सीसी सड़क निर्माण में हुई गड़बड़ी की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने को कहा है।


