ग्रामीण बोले- आपके आने से पर 10 मिनट पानी दिया:विधायक से कहा- पटवारी जानबूझ कर छुट्टी पर गया; MLA ने नोटिस जारी करवाया

मालेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में उस समय माहौल गरमा गया, जब शिविर में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र गुर्जर के समक्ष ग्रामीणों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। शिविर में सबसे अधिक रोष जल जीवन मिशन (जेजेएम) योजना के तहत पिछले दो माह से नलों में पेयजल आपूर्ति नहीं होने को लेकर देखने को मिला। विधायक से बोले- 2 महीने से पानी नहीं आ रहा दर्जनों महिलाओं सहित ग्रामीणों ने एकजुट होकर विधायक से कहा कि “हमने आपको इस गांव से सबसे अधिक वोटों से जिताकर भेजा, फिर भी हमें पीने के पानी की समस्या से राहत नहीं मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो माह से नलों में पानी नहीं आ रहा था और आज विधायक के आने पर मात्र 10 मिनट के लिए ही पानी दिया गया, जिस पर महिलाओं ने खुलकर अपनी नाराजगी जताई। इसी दौरान ग्रामीणों ने हल्का पटवारी सुशील जैन पर बच्चों के जाति प्रमाण पत्रों पर हस्ताक्षर नहीं करने और सुविधा शुल्क लिए बिना काम नहीं करने की शिकायत की। लोगों ने पटवारी को हटाने की मांग की। कहा- पटवारी ने जानबूझ कर छुट्टी ली ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पटवारी ने जानबूझकर आज शिविर के दिन छुट्टी ली है। इस पर विधायक गुर्जर ने मौके पर मौजूद तहसीलदार मेघा गुप्ता को अनुपस्थित पटवारी के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों ने मालेड़ा में लो-वोल्टेज की समस्या भी रखी। वहीं नासिरदा से आए ग्रामीणों ने धाकड़ धर्मशाला के रास्ते को दुरुस्त करवाने की मांग की। इस दौरान कृषि विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को अपने-अपने विभागों की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राशन डीलर को हटाने के निर्देश दिए इसी शिविर में ग्रामीणों ने राशन डीलर पर घटिया गेहूं बांटने तथा अनियमित वितरण की शिकायत विधायक से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक राजेंद्र गुर्जर ने फोन पर पर जिला रसद अधिकारी से बात कर तत्काल प्रभाव से मालेड़ा के वर्तमान राशन डीलर को हटाने के निर्देश दिए तथा मालेड़ा में राशन वितरण का कार्य रामथला सहकारी समिति को सौंपने के आदेश दिए। सभी समस्याएं सुनने के बाद विधायक गुर्जर ने संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। शिविर में नायब तहसीलदार बाबूदास स्वामी,देवली पूर्व प्रधान बनवारी जाट,मालेड़ा प्रशासक विमला जाट सहित सड़क, पानी, बिजली, राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *