भास्कर न्यूज| मालखरौदा महाशिवरात्रि पर शिव बारात आयोजन की तैयारी के लिए आयोजन समिति और बोल बम कांवरिया संघ मालखरौदा की अंतिम बैठक ग्राम कलमी में हुई। बैठक में भव्य शिव बारात की तैयारी पर विस्तृत चर्चा की गई। झांकी, बाजा-गाजा, रथ, लाइट आदि की व्यवस्था की जा रही है और पूरे क्षेत्र में निमंत्रण का प्रचार-प्रसार अंतिम चरण में है। मालखरौदा शिव बारात में दूर-दराज से हजारों शिव भक्त बाराती और घराती बनकर शामिल होते हैं। इस वर्ष विशेष और भव्य आयोजन के लिए समिति लगातार तैयारी कर रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी जितेंद्र विजय बहादुर सिंह राजा साहब और राज परिवार मालखरौदा द्वारा विशाल भोजन भंडारा और प्रसाद की व्यवस्था की जा रही है। समिति ने प्रशासनिक और पर्याप्त पुलिस सुरक्षा बल की मांग भी शासन-प्रशासन से की है। आयोजन समिति ने निधि संग्रहण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित की है। ऑनलाइन सहयोग के लिए लालू गबेल सामाजिक कार्यकर्ता मालखरौदा के बैंकिंग बार कोड और मोबाइल नंबर को अधिकृत किया गया है। रथ, लाइट, बाजा-गाजा, डीजे, झांकी की व्यवस्था के लिए श्री शेखर गबेल मिशन चौक से संपर्क करेंगे। समिति ने बारात में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। शिव बारात आयोजन समिति मालखरौदा ने क्षेत्रवासियों को सार्वजनिक रूप से झारा-झारा नेवता दिया है। आने वाली 15 फरवरी रविवार को शाम 4 बजे से ओंगनपाठ देव स्थल मिशन चौक से शिव बारात का शुभारंभ होगा। बारात कलमी, बीरभांठा चौक होते हुए मालखरौदा बस्ती स्थित श्री राम जानकी मंदिर में संपन्न होगी।


