भास्कर न्यूज | धमतरी कसही के ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात कर गांव में खेती और सिंचाई की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए 7 नए कुओं के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने विधायक को बताया कि गांव में पानी की समस्या है। सतही स्तर पर तो पानी उपलब्ध है, लेकिन अंदरूनी जलस्तर बहुत नीचे होने के कारण सिंचाई की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। गांव में वर्तमान में करीब 55 से 60 कुएं हैं, जिनसे किसान फसलों की सिंचाई करते हुए अपना जीवनयापन कर रहे हैं। हालांकि, बढ़ती जल आवश्यकताओं और सीमित स्रोतों के चलते कई किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा, कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिनके पास निजी कुएं नहीं हैं और वे दूसरों पर आश्रित हैं, जिससे उनका खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए, ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि 7 नए कुओं की स्वीकृति दी जाए, ताकि उनकी सिंचाई संबंधी जरूरतें पूरी हो सकें। इस अवसर पर सरपंच जितेंद्र साहू, पूर्व सरपंच मुकेश ध्रुव, भुवन पटेल, विजय ध्रुव, अरुण पटेल समेत कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


