ग्रेच्युटी और पेंशन भुगतान की मांग:रोडवेज रिटायर्ड कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, बोले – भुगतान ही हमारा जीवन सहारा

राजस्थान रोडवेज रिटायर्ड एसोसिएशन के प्रदेश व्यापी आह्वान पर मंगलवार को रोडवेज के मुख्य प्रबंधक ऑफिस पर रिटायर्ड कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी रिटायर्ड कर्मचारी इकठ्ठे हुए और अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रबंधक के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कर्मचारियों में सालों से भुगतान नहीं मिलने को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। रिटायर्ड कर्मचारियों ने की बकाया सेवानिवृत्ति भुगतान की मांग प्रदर्शन कर रहे रिटायर्ड कर्मचारियों ने बताया कि जून 2025 से बकाया पड़े सेवानिवृत्ति परिलाभ अब तक नहीं दिए गए हैं। इनमें ग्रेच्युटी, उपार्जित अवकाश का भुगतान, अधिश्रम यानी ओवरटाइम, साप्ताहिक विश्राम, अवैतनिक अवकाश और अन्य मदों के भुगतान शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि रिटायर्ड के बाद यही रकम उनके जीवनयापन का सहारा होती है, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देरी से भुगतान पर ब्याज नहीं मिला रिटायर्ड कर्मचारी श्याम प्रकाश सोनी ने बताया कि कई मामलों में ग्रेच्युटी का भुगतान बहुत देरी से किया गया, लेकिन उस देरी का ब्याज अब तक नहीं दिया गया। जबकि न्यायालय के निर्देशों के अनुसार देरी से किए गए भुगतान पर 6 प्रतिशत ब्याज दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2020 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के भी कई प्रकार के भुगतान आज तक लंबित हैं, जिससे रिटायर्ड कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। पेंशन और वेतन से जुड़ी समस्याएं कर्मचारियों ने पेंशन से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि जिन पेंशनधारकों की उम्र 70 साल से ज्यादा है, उन्हें 5 प्रतिशत और 80 साल से ज्यादा होने पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ मिलना चाहिए, लेकिन यह लाभ कई कर्मचारियों को नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही सातवें वेतन आयोग के तहत सही तरीके से गणना नहीं किए जाने का आरोप भी कर्मचारियों ने लगाया। उनका कहना है कि गलत गणना के कारण उनके हक के पैसे रोके गए हैं। कोविड काल का डीए अब तक लंबित प्रदर्शन के दौरान यह मुद्दा भी उठाया गया कि कोविड काल के दौरान कर्मचारियों का जो महंगाई भत्ता जमा किया गया था, उसका भुगतान आज तक नहीं किया गया है। उस समय यह कहकर भुगतान रोका गया था कि निगम की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी राशि नहीं मिलना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। इसी कारण पूरे प्रदेश में रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। अधिकारी ने दिया आश्वासन प्रबंधक राकेश सारस्वत ने बताया कि रिटायर्ड कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रशासन से मांग की है, जिनमें हायर पेंशन और ओवरटाइम भुगतान जैसे मुद्दे शामिल हैं। इन मांगों को मुख्यालय भेजा जा रहा है और प्रयास किया जाएगा कि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान हो सके। प्रदर्शन में श्याम प्रकाश सोनी, मोहब्बत सिंह भाटी, भीखचंद, नागेश कुमार तेली, मनोहर सिंह, राम सिंह झाला, शंकर लाल टांक, कैलाश मराठा, दिनेश यादव, हरी शंकर चौबे, ओम मेहता, भगवती लाल सहित कई रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *