ग्रेटर नगर निगम:सभा भवन से नहीं हटीं बल्लियां, एजेंडे के कई प्रस्तावों का भाजपा पार्षदों का एक धड़ा ही कर रहा था विरोध

ग्रेटर नगर निगम बोर्ड की दो दिन बाद 26 दिसबंर को प्रस्तावित 7वीं साधारण सभा एक बार फिर मंगलवार रात को स्थगित कर दी गई है। फिर से साधारण सभा की नई तिथि जारी की गई है। अब साधारण सभा की बैठक नए वर्ष में आगामी 27 जनवरी को दोपहर 1 बजे होगी। भले ही सभा भवन विवेकानंद हॉल की चार महीने पहले अगस्त में गिरी फॉल सिलिंग पूरी तरह से अब तक ठीक नहीं हुई है और भवन बल्लियों से अटा पड़ा है। इसी वजह से पिछले तीन महीने से सातवीं साधारण सभा चक्कर घिरनी बनी हुई है, लेकिन फिर से मंगलवार को साधारण सभा के लिए जारी नए संशोधित आदेश में भी सभा विवेकानंद सभागार में ही होने का जिक्र किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि सभा भवन के साथ ही भाजपा पार्षदों के एक धड़े के सभा के एजेंडे के कुछ प्रस्तावों का विरोध करने के कारण पार्टी स्तर पर ही बैठक स्थगित करने का फैसला लिया गया है। कारण कि मंगलवार सुबह ही उप महापौर के नेतृत्व में कुछ भाजपा पार्षद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मिले थे। उन्होंने इन पार्षदों को सभा स्थगित कराने की बात कही थी। 26 सितंबर और 16 नवंबर को भी प्रस्तावित थी, अब फिर हुई स्थगित यह तीसरी बार है जब साधारण सभा स्थगित हुई है। इससे पहले 26 सितंबर और 16 नवंबर को भी प्रस्तावित की गई 7वीं साधारण सभा नहीं हुई थी। मंगलवार को महापौर ने सभा भवन का निरीक्षण किया था। उसकी स्थिति को देखते हुए निगम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ अन्य जगह भी तलाशी जहां सभा हो सके, लेकिन बात नहीं बनी। उधर, राज्य सरकार ने हाल ही नगरीय निकायों में दो महीने के अंतराल में 20 तारीख को अनिवार्य रूप से साधारण सभा बुलाने के आदेश निकाले हैं। यदि इसकी पालना नहीं की गई तो नगरपालिका एक्ट के तहत कार्यवाही के भी आदेश हैं। इससे पूर्व, मंगलवार सुबह साधारण सभा के एजेंडे में शामिल कुछ प्रस्तावों को लेकर उपमहापौर पुनीत कर्नावट के नेतृत्व में कुछ भाजपा पार्षद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मिलने गए थे। जब पार्षदों ने उन्हें बताया कि स्थगित हो सकती है तो प्रदेशाध्यक्ष ने उन्हें आश्वासन दिया था कि मैं मेयर से बात करता हूं, आप लोग बयानबाजी नहीं करें। साथ ही जयपुर भाजपा प्रभारी नारायण पंचारिया को मेयर से इस विषय में बात करने की जिम्मेदारी दी। ऐसा कहा जा रहा है कि इसके बाद शाम को पार्टी स्तर पर सभा स्थगित करने का निर्णय लिया गया और रात को बैठक स्थगित करने के संशोधित आदेश जारी कर दिए गए। इन प्रस्तावों का भाजपा पार्षद कर रहे थे विरोध अधिकारियों की पूर्ण रूप से जानकारी में होते हुए भी मीटिंग नोटिस में विवेकानंद सभासद भवन अंकित किया गया, जबकि यह साधारण सभा के लिए तैयार नहीं है। नोटिस के बाद साधारण सभा के लिए वैकल्पिक स्थान के दिए गए। विकल्प स्थान पर सुरक्षा मानकों की दृष्टि से बैठक किया जाना संभव नहीं होने व अधिकारियों के सभा भवन 25 जनवरी तक तैयार होना बताया गया। इस कारण साधारण सभा 26 दिसंबर को स्थगित कर आगामी 27 जनवरी को रखी गई है। – सौम्या गुर्जर, महापौर, ग्रेटर निगम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *