मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट – 2025 के लिए बेहतर से बेहतर इंतजाम करने को कहा है। शनिवार को सीएम हाउस में हुई तैयारी बैठक में उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को समिट का शुभारंभ करेंगे।’ प्रदेश की 8वीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2025) भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में होगा। 20 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को बैठक में निर्देश दिए कि मेहमानों के रहने-खाने और आसपास के पर्यटन स्थलों पर आने-जाने, घूमने के इंतजाम किए जाएं। उन्हें होम स्टे के बारे में भी बताया जाए। संस्कृति, वन, पर्यटन और स्थानीय प्रशासन भोपाल शहर के सौंदर्यीकरण के काम अभी से शुरू कर दें। फायर साइड चैट में सीएम करेंगे वर्चुअल संवाद
प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने बताया कि समिट के एक दिन पहले 23 फरवरी की शाम को फायर साइड चैट का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री देश के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। इस चैट शो में मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य की खुबियों, अब तक की प्रगति और 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने के लिए तैयार किए गए रोडमैप, रीजनल ग्रोथ पर भी चर्चा होगी। ऐसे चलेंगे समिट के कार्यक्रम थीमेटिक सेशन और कंट्री सेशन होंगे जीआईएस के दूसरे दिन 25 फरवरी को सुबह 10.30 से शाम 5.30 तक 6 थीमेटिक सेशन होंगे। हायर एजूकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट, फूड प्रोसेसिंग एंड हॉर्टिकल्चर, स्मॉल स्केल एंड कॉटेज इंडस्ट्री, टेक्स्टाइल एंड अपैरलफार्मास्यूटिकल सेक्टर्स पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। 25 फरवरी को कंट्री सेशन भी होंगे। इसमें जर्मनी द्वारा इंजीनियरिंग एक्सीलेंस एंड सस्टेनिबिलिटी, यूनाईटेड किंगडम (यूके) द्वारा शिक्षा, आईटी एवं सेवा क्षेत्र में साउथ कोरिया द्वारा इनोवेशन इन टेक्नोलॉजी एंड स्मार्ट मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में और जापान द्वारा एडवांस टेक्नोलॉजीस एंड इंडस्ट्रियल कोलेबोरेशन सेक्टर में चर्चा की जाएगी। सीआईआई नेशनल काउंसिल मीट जीआईएएस के पहले दिन 24 फरवरी को कर्न्फेडरेशन ऑफ इंडियन इन्डस्ट्रीज (सीआईआई) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं डायरेक्टर जनरल सहित प्रमुख उद्योगपतियों की उपस्थिति में सीआईआई की नेशनल काऊंसिल मीट होगी। इसमें मध्यप्रदेश को भारत के औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने तथा विकसित मध्यप्रदेश के विजन को साकार करने के लिए व्यापक रणनीति एवं कार्य योजना तैयार करने पर ठोस चर्चा होगी।


