प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष का पहला राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आज ग्वालियर के ग्राम कुलैथ में आयोजित किया जा रहा है। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 88 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेशभर के किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि का अंतरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि प्रदर्शनी एवं स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे। साथ ही कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे। विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जाएगा। किसान सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथिगण शामिल होंगे।
प्रस्ताविक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम कुलैथ में पहुंचने के बाद रोड शो के जरिए किसानों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद किसान सम्मेलन परिसर में लगाई गई कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में मौजूद कृषकों का सम्मान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस अवसर पर लगभग 88 करोड़ रुपए लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी किया जाएगा। इनमें 66 करोड़ 56 लाख रुपए लागत के कार्यों का लोकार्पण और 20 करोड़ 64 लाख रुपए लागत के कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी क्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित करेंगे। साथ ही स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे। ग्वालियर-चंबल अंचल के किसान होंगे शामिल
ग्वालियर कलेक्टर रूचिका चौहान ने कुलैथ गांव में कार्यक्रम स्थल पर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी अधिकारी कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। किसान सम्मेलन में ग्वालियर-चंबल अंचल के विभिन्न शहरों से काफी तादाद में किसान आएंगे। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को असुविधा न हो। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल व किसानों की बैठक व्यवस्था व पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया।
अलग-अलग शहर से आने वालों की अलग गेट से होगी इंट्री
व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे कृषकगण सुविधाजनक तरीके से निर्धारित स्थल पर पहुंच सकें। अलग-अलग शहर से आने वाले किसानों की इंट्री अलग-अलग गेट से होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
ग्वालियर के मंच से किसानों को देंगे किसान सम्मान निधि
ग्वालियर के कुलैथ गांव में होने जा रहे प्रदेश स्तरीय किसान सम्मेलन के मंच से ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश भर के किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि का अंतरण भी करेंगे।
पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ रहेगी आकर्षण का केन्द्र
पिछले कई साल से ग्वालियर के कुलैथ में पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन हो रहा है। इस बार यह खास इसलिए है कि इस दौड़ का शुभारंभ प्रदेश के मुखिया सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे। वह बैलगाड़ी दौड़ में मौजूद रहेंगे।


