ग्वालियर में आरक्षक की पत्नी के पर्स से झुमकी चोरी:पीड़िता ने संदिग्ध महिला पर लगाया आरोप, CCTV में ऑटो में जाती दिखी

ग्वालियर में एक पुलिस आरक्षक की पत्नी के पर्स से सोने की झुमकी चोरी होने का मामला सामने आया है। यह घटना पड़ाव थाना क्षेत्र की बजरिया चौकी के पास शुक्रवार रात डीबी मॉल के सामने क्रॉसिंग पर हुई। पीड़िता नीतू सिंह ने आरोप लगाया है कि एक महिला ने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही पर्स की चेन खोलकर झुमकी निकालकर फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार रात मामला दर्ज कर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, माधौपुर टेकनपुर निवासी नीतू सिंह, पत्नी रविंद्र सिंह, शुक्रवार को इंदौर जाने के लिए निकली थीं। ग्वालियर बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। बजरिया चौकी के पास डीबी मॉल के सामने क्रॉसिंग पार करते समय एक महिला उनके पीछे आ गई और उनके पर्स को पकड़ लिया। जब नीतू सिंह ने उससे पर्स पकड़ने का कारण पूछा, तो वह महिला तुरंत ऑटो में बैठकर मौके से भाग गई। ट्रेन में सवार होने के बाद जब नीतू सिंह ने अपना पर्स चेक किया, तो उसमें रखी सोने की झुमकी गायब थीं। इसके बाद उन्होंने इंदौर जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया और ट्रेन से उतरकर सीधे बजरिया पुलिस चौकी पहुंचीं, जहां उन्होंने घटना की शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध महिला शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला पीड़िता के पीछे आती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि क्रॉसिंग पर कई लोगों की आवाजाही रहती है, इसलिए जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चोरी किसने की है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *