ग्वालियर में ई-रिक्शा में फिर गहने चोरी:शादी से लौट रहा था परिवार, हैंडबैग खोलकर चोरी, दो महिलाओं पर संदेह

ग्वालियर में एक बार फिर ई-रिक्शा में गहने चोरी की घटना सामने आई है। भिंड से रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौट रहे एक दंपति के हैंडबैग से सोने के जेवरात चोरी हो गए। यह वारदात 5 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे गोला का मंदिर से मुरार 6 नंबर चौराहा के बीच हुई। शहर में बीते दिनों में ई-रिक्शा में जेवर चोरी की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। ग्वालियर के करगंवा गांव निवासी 35 वर्षीय संजय सिंह जाटव पत्नी सपना जाटव और बच्चों के साथ भिंड में शादी समारोह में गए थे। 5 फरवरी को लौटते समय वे बस से गोला का मंदिर चौराहा पर उतरे और वहां से मुरार 6 नंबर चौराहा के लिए एक लाल रंग का ई-रिक्शा किराए पर लिया। कुछ ही दूरी तय करने के बाद गोला का मंदिर स्थित शराब दुकान के पास ई-रिक्शा चालक ने दो महिलाओं को और बैठा लिया। इनमें से एक महिला संजय के पास और दूसरी उनकी पत्नी सपना के पास बैठी, जहां हैंडबैग रखा था। जब ई-रिक्शा 6 नंबर चौराहा पहुंचा और दंपति उतरा, तब बैग चेक करने पर उसकी चेन खुली मिली और अंदर रखी सोने की चूड़ियां तथा जेंट्स और लेडीज अंगूठियां गायब थीं। तब तक ई-रिक्शा मौके से जा चुका था। संजय जाटव ने आसपास तलाश की और ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन न तो महिलाएं मिलीं और न ही ई-रिक्शा। CCTV में दिखा ई-रिक्शा, चालक ने बदल लिया हुलिया घटना के बाद पीड़ित दंपति शिकायत लेकर मुरार थाना पहुंचे, लेकिन उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र का है। इसके बाद करीब 9 दिन तक पीड़ित दोनों थानों के चक्कर लगाते रहे। इस दौरान संजय और सपना ने खुद स्मार्ट सिटी और निजी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में गोला का मंदिर क्षेत्र में ई-रिक्शा दिखाई दिया, जिसकी पहचान नंबर MP07 RB-1487 के रूप में हुई। जब पीड़ितों ने ई-रिक्शा चालक को ढूंढ निकाला तो पता चला कि उसने गाड़ी का हुलिया बदल दिया है। आगे का कांच टूटा हुआ था और रंग भी बदल दिया था। दो संदिग्ध महिलाओं के बारे में पूछने पर चालक ने कोई जानकारी नहीं दी। चालक और दो महिलाओं पर संदेह पीड़ित संजय और सपना का कहना है कि उन्हें ई-रिक्शा चालक के साथ-साथ उन दो महिलाओं पर भी संदेह है, जिन्हें रास्ते में बैठाया था। अब पुलिस ने गोला का मंदिर थाने में मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध ई-रिक्शा चालक व दोनों महिलाओं की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *