ग्वालियर में एक किसान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। मंगलवार को 40 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटनाक्रम दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गिरगांव में हुआ था। यहां किसान डालचंद गुर्जर अपने भाई राजवीर और एक अन्य भाई के साथ खेत में पानी दे रहा था। तभी गांव में ही रहने वाले रामसेवक, सोनू, सुमनता, लल्ला, भब्बा और दीपू गुर्जर सहित अन्य हमलावरों ने उस पर हमला कर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली डालचंद गुर्जर (40) के सिर में जा लगी थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बचपन से ही डालचंद न तो बोल सकता था, और न ही सुन सकता था। गोली मारकर भाग निकले हमलावर घायल अवस्था में किसान डालचंद को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, घटना के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। डालचंद की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 15 दिन पहले भी किया था हमला महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े में फायरिंग भी हुई थी, जिसमें एक युवक के सिर में गोली लगी थी। उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।


