ग्वालियर में जमीन माफिया ने पिछड़ी जनजाति छात्रावास की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से जेसीबी चलाकर बॉउंड्री वॉल तोड़ दी। वहां जेसीबी से गड्ढा खोद दिया गया। गड्ढे में बॉउंड्री वॉल की सामग्री को पटक कर दबा गया, जिससे पता ही नहीं चले यहां कभी कोई दीवार खड़ी थी। छात्रावास का निर्माण करा रही कंपनी ने पूरी घटना का वीडियो शूट कर लिया है। 250 सीटर छात्रावास का निर्माण की बाउंड्रीवॉल तोड़ने की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने तत्काल प्रशासन और पुलिस की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने ठेकेदार की जेसीबी जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने जेसीबी चालक और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। नोएडा की कंपनी कर रही निर्माण कार्य सिरोल इलाके में पिछड़ी जनजाति छात्रावास का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के अधीन नोएडा की डीआर बिल्ड स्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कर रही है। नई दिल्ली निवासी चिरोंजी लाल चौधरी (59) इस प्रोजेक्ट के मैनेजर हैं। यह छात्रावास 250 सीटर है और सिरोल में सर्वे नंबर 443 व 452 पर कार्य किया जा रहा है। पास ही एक रेजीडेंसी का काम चल रहा है। कोई विवाद न हो इसके लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने छात्रावास की जमीन पर सीमेंट-कांक्रीट की बाउंड्रीवॉल बना दी थी। रविवार शाम करीब 5 बजे राधा रेसीडेंसी के ठेकेदार सोनू शर्मा ने छात्रावास की बाउंड्री जेसीबी से तोड़ दी। साथ ही छात्रावास के निर्माण के लिए लाई गई सामग्री को बाउंड्रीवॉल की जगह पर गड्ढा खोदकर मिट्टी से दबा दिया। सूचना मिलते ही कलेक्टर ने दिए निर्देश जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तब वहां पर जेसीबी से निर्माण सामग्री में मिट्टी मिलाई जा रही थी। टीम ने तत्काल मौके पर जेसीबी को जब्त किया और जेसीबी चालक संजीव यादव व बाउंड्रीवॉल तोड़ने वाले ठेकेदार सोनू शर्मा के खिलाफ थाने में FIR कराई है।


