ग्वालियर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप और रात में कड़ाके की ठंड ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। दोहरे मौसम के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, खासकर एलर्जी और वायरल संक्रमण के मामलों में इजाफा दर्ज किया गया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक होकर 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह घास के मैदानों पर ओस की परत दिखाई दे रही है, जिससे मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को भी ठंड का एहसास हो रहा है। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी मौसम में उतार-चढ़ाव का असर अस्पतालों में साफ दिख रहा है। अंचल के सबसे बड़े अस्पताल की ओपीडी में एलर्जी और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जीआरएमसी के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अजय पाल सिंह के मुताबिक इस समय वायरस और बैक्टीरिया ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं, जिससे संक्रमण तेजी से फैलता है। आंखों में खुजली, लाली, छींक, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। 10 से 15 दिन में ठीक होते डॉक्टरों के अनुसार इन बीमारियों से ठीक होने में 10 से 15 दिन तक का समय लग रहा है, जिससे अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है। उन्होंने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।


