ग्वालियर में सिंधिया का दिग्विजय पर पलटवार:कहा- ‘चित्त भी मेरी, पट भी मेरी’ नहीं चलेगा, SIR प्रक्रिया पर तकरार

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर किए गए पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पलटवार किया है। गुरुवार शाम ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने दिग्विजय सिंह के आरोपों पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस से राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भाजपा के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा बीएलए कांग्रेस समर्थकों पर फॉर्म 07 के जरिए आपत्तियां लगवा रहे हैं। इस मामले में जब केंद्रीय मंत्री सिंधिया से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, ‘दिग्विजय सिंह जी सोचते हैं कि चित्त भी मेरी और पट भी मेरी, यह नहीं चलेगा। चुनाव जीतते हैं तो सब कुछ ठीक है और किंग भी हैं, वहीं चुनाव हार गए तो सब कुछ बुरा है।’ सिंधिया ने आगे कहा कि अब यह नहीं चलेगा, जनता की आवाज, जनता का मत और जनता की सोच सर्वोपरि है। हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस पर हमें गर्व करना चाहिए। दूसरी ओर, कांग्रेस से राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने भी पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जी ने सही बात कही है, एसआईआर प्रक्रिया शुरू से ही सवालों के घेरे में है। राहुल गांधी सहित पूरी कांग्रेस इसे ‘वोट चोरी’ बता चुकी है। अशोक सिंह ने कहा कि अब इंतजार किया जा रहा है कि आखिर पूरी एसआईआर प्रक्रिया के बाद क्या तस्वीर दिखेगी। फिलहाल, कांग्रेस पार्टी एसआईआर प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *