ग्वालियर में होली: रंग-गुलाल में रमा शहर:सड़कों पर निकली मस्तानों की टोली, गलियों में दिखा होली का हुड़दंग, पुलिस कर रही चेकिंग

ग्वालियर में इस बार की होली अलग ही रंग में नजर आ रही है। शहर में रात से ही उत्सव व उत्साह का माहौल है। शहर में जगह-जगह चौक चौराहों पर युवाओं और मस्तानों की टोलियां नजर आ रही हैं। बच्चे, युवा व बुजुर्ग एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर शुभकमानाएं दे रहे हैं। विशेषकर बच्चों व युवाओं की टोलियों में उत्साह काफी नजर आ रहा है। हर तरफ रंग और गुलाल उड़ता नजर आ रहा है। बच्चे सड़कों पर हुड़दंग करते नजर आ रहे हैं। होली पर किसी तरह का कोई विवाद न हो इसके लिए काफी तादाद में पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है। पर रंगों के इस त्योहार का रंग जैसे-जैसे दिन बीतता जाएगा और गहरा होता जाएगा। DJ साउंड पर थिरके युवा शहर में होली का उत्सव सोमवार रात होलिका दहन के साथ ही शुरू हो गया है। मंगलवार को चन्द्रग्रहण के चलते कम उत्साह था लेकिन बुधवार सुबह से ही शहर की सड़कों पर होली का जुनून देखते ही बन रहा था। बच्चों की टोलियां गलियों में घूमकर हुड़दंग करती नजर आ रही थी। मोहल्ले में DJ साउंड लगाकर डांस चल रहा है, तो ऊपर से रंग-बिरंगे पानी की बौछार से माहौल खुशनुमा हो रहा है। जगह-जगह युवाओं की टोलियां बाजार में गश्त पर निकली और रंग गुलाल उड़ाते हुए और नाचते झूमते दिखाई दिए। इस बार सबसे अधिक सूखे रंगों की होली खेली जा रही है। ड्रोन से निगरानी, हुड़दंगियों पर सख्ती होली पर हुड़दंग करने वालों पर ड्रोन से नजर रख रही है। हाल ही में ईरान पर अमेरिका और इजराइल हमलों को लेकर भी पुलिस संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। सड़क पर हंगामा करने, नशे में वाहन चलाने या तीन सवारी पाए जाने पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर त्योहार हवालात में भी मनाना पड़ सकता है। धर्मवीर सिंह ने बताया कि नशे के कारण अक्सर लोग त्योहार का मजा खराब कर देते हैं। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में फिक्स पॉइंट लगाकर चेकिंग की जाएगी और 100 से अधिक पुलिस मोबाइल तैनात रहेंगी, जो किसी भी विवाद की स्थिति में चंद मिनटों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। गली-मोहल्लों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि उन इलाकों पर भी नजर रखी जा सके जहां पुलिस बल के पहुंचने में समय लग सकता है। संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर होली के दौरान पुलिस की खास नजर उन संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी, जहां दोनों समुदाय के लोग रहते हैं और पहले तनाव की स्थिति बन चुकी है। इसी वजह से लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई थीं और सभी से सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई है। बुधवार को ऐसे इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। नशे में वाहन चलाया तो सीधे हवालात ड्रिंक एंड ड्राइव पर रोक लगाने के लिए करीब 100 से अधिक पुलिस मोबाइल के साथ प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पुलिस व यातायात पुलिस के फिक्स पॉइंट लगाए गए हैं। पॉइंट से पहले स्टॉपर लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालक की गति कम हो और जांच की जा सके। संदिग्ध और हंगामा करने वालों को त्योहार के बाद ही छोड़ा जाएगा। 1500 से 2000 जवान और अफसर तैनात होली के दौरान पुलिस बल के साथ क्यूआरएफ टीम भी तैनात रहेगी। होलिका दहन के बाद से ही प्रमुख स्थानों पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है। होमगार्ड, महिला पुलिस, अपराध दस्ता और पीटीएस का बल भी प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर तैनात रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *