ग्वालियर में आज मंगलवार को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। मोतीझील स्थित रक्काश टैंक में तकनीकी कार्य के कारण पानी नहीं भर पाने से लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित होगी। यह कार्य नगर निगम के जलप्रदाय विभाग द्वारा किया जा रहा है। जलप्रदाय विभाग के अनुसार, मोतीझील पर रक्काश से आने वाली 750 एमएम व्यास की लाइन को मोतीझील से मुरार जाने वाली 700 एमएम व्यास की पंपिंग मेन लाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इस सुधार कार्य के चलते रक्काश टैंक में पानी नहीं भरा जा सकेगा। ये इलाके होंगे प्रभावित सहायक यंत्री हेमंत शर्मा ने बताया कि कार्य पूरा होने तक मंगलवार को रक्काश टैंक से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इससे वार्ड 6 के घास मंडी, बाबा कपूर, किला गेट, बंडाघूरा और राय मोहल्ला प्रभावित होंगे। इसके अतिरिक्त, वार्ड 7 के कृष्णा नगर और सती बिहार, वार्ड 9 के राजा की मंडी और चार शहर का नाका, वार्ड 11 के हजीरा, गोसपरा नंबर एक एवं दो, वार्ड 12 के जेसी मील लाइन और सुभाष नगर, वार्ड 13 के मटका वाला पुल तथा वार्ड 14 के तानसेन नगर क्षेत्र में भी पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का पूर्व संग्रह कर लें और आवश्यकतानुसार उपयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होते ही जल आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।


