ग्वालियर में NRI की पत्नी से दुष्कर्म का आरोप:बेटे की गैरमौजूदगी में ससुर पर वारदात का केस; पति ने चुप रहने को कहा

ग्वालियर में एक एनआरआई की 28 वर्षीय पत्नी ने अपने 58 वर्षीय ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का पति विदेश में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है और घटना के समय वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि 24 अक्टूबर 2025 की रात करीब 1 बजे ससुर उसके बेडरूम में घुस आया, विरोध करने पर उसका मुंह दबाया और दुष्कर्म कर फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की जानकारी सास और पति को दी, लेकिन उसे चुप रहने के लिए कहा गया। पति ने उसे अपने साथ विदेश ले जाने का आश्वासन दिया। 19 जनवरी को पति उसे मायके छोड़ गया और कहा कि लौटकर साथ ले जाएगा, लेकिन फिर वापस नहीं आया। इसके बाद पीड़िता ने महाराजपुरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। 2023 में हुई थी शादी ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र की 28 वर्षीय नवविवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी सितंबर 2023 में महाराजपुरा निवासी युवक से हुई थी। पति विदेश में नौकरी करता है और वर्ष में दो बार घर आता है, जबकि महिला सास-ससुर के साथ ग्वालियर में रहती है। शिकायत के अनुसार, अक्टूबर में पति ग्वालियर आया हुआ था। 24 अक्टूबर की रात वह अपनी ताई के साथ बाहर गया था। इसी दौरान महिला अपने कमरे में सो रही थी। रात करीब 1 बजे उसे शरीर पर हरकत महसूस हुई। आंख खुली तो देखा कि ससुर बिस्तर पर मौजूद था और उसके साथ अशोभनीय हरकत कर रहा था। विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश पर आरोप है कि ससुर ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। परिवार की इज्जत का दिया हवाला घटना के अगले दिन सुबह पीड़िता ने सास और पति को पूरी बात बताई, लेकिन आरोप है कि दोनों ने परिवार की इज्जत का हवाला देकर उसे चुप रहने को कहा। पति ने यह भरोसा भी दिलाया कि वह जल्द ही उसे अपने साथ विदेश ले जाएगा। इसी आश्वासन के चलते महिला ने मामला किसी से साझा नहीं किया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भी ससुर उसके आसपास मंडराता रहा और दोबारा गलत हरकत करने की कोशिश करता रहा, जिससे वह लगातार भय और तनाव में रही। मायके छोड़कर गया पति फिर लेने नहीं आया घटना के बाद पति ने पीड़िता को यह भी कहा कि वह उसे अब अपने साथ विदेश ले जाएगा। 19 जनवरी 2026 को पति ने बाहर जाने का कह कर पत्नी को उसके मायके छोड़ दिया और कहा कि लौटकर आएगा तो सीधे उसे अपने साथ विदेश ले जाएगा। इसके बाद महिला इंतजार ही करती रही। न पति लेने आया न ही ससुराल वालों ने कोई संपर्क रखा। पति से संपर्क किया तो पता लगा कि वह तो विदेश चला गया है और बातचीत नहीं कर रहा। इसके बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी मायके वालों को दी और इसके बाद वह महाराजपुरा थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर उसके ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *