ग्वालियर से बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी:गर्मी में हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए मिल सकती हैं उड़ानें

ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल से 28 मार्च से शुरू होने वाले समर सीजन में हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू होने की संभावना है। यदि यह योजना सफल होती है, तो ग्वालियर के यात्रियों को इन तीन प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क मिल जाएगा। वर्तमान में ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए उड़ानें शुरू करने के प्रयास लंबे समय से जारी हैं। इन शहरों के लिए यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई उड़ानों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इन सेवाओं के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि ग्वालियर एयरपोर्ट की हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। विशेष रूप से इंदौर के लिए हवाई सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्वालियर से इंदौर के लिए वर्षों तक नियमित उड़ानें उपलब्ध थीं, लेकिन पिछले सवा साल से यह सेवा निलंबित है। इसके कारण यात्रियों को ट्रेन या सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ रही है। रोजाना 900 से 950 यात्री सफर करते हैं वर्तमान में ग्वालियर से तीन उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 900 से 950 यात्री सफर करते हैं। मासिक आंकड़ों के अनुसार, करीब 25 हजार यात्री हवाई यात्रा का लाभ उठा रहे हैं। राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल के डायरेक्टर लोकेश कुमार यावय ने बताया कि समर सीजन में हैदराबाद, इंदौर और पुणे के लिए फ्लाइट सेवा शुरू होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि इन उड़ानों को शुरू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इनके शुरू होने से यात्रियों को अन्य शहरों की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *