भास्कर न्यूज| धमतरी
घड़ी चौक के निवासी पिछले महीनेभर से धूल भरी स्थिति से जूझ रहे थे। यहां पर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का काम हो रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से आसपास की दुकानों और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शुक्रवार को नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। इलाके को साफ कराया। सड़क पर रखे पाइपों को भी हटवाया गया। शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारियों ने सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटाया, नालियों की सफाई की, और उड़ती धूल को रोकने पानी का छिड़काव किया। इसके साथ ही, झाड़ू लगाकर चौक क्षेत्र में सफाई की गई। दुकानों के सामने जमा मलबे और अव्यवस्थित सामग्री को व्यवस्थित किया गया, ताकि यातायात में कोई बाधा न हो। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पहले दिनभर उड़ती धूल की वजह से ग्राहकों को परेशानी होती थी, लेकिन अब सफाई से राहत मिली है। स्वास्थ्य सभापति नीलेश लुनिया ने बताया कि आने वाले दिनों में निगम अन्य प्रमुख स्थानों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाएगा। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि धमतरी को स्वच्छ, धूलमुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के इस प्रयास को लगातार जारी रखा जाएगा।


