लुधियाना| सराभा नगर इलाके में शुक्रवार रात घरेलू काम करने गई 35 वर्षीय महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान ललिता देवी निवासी गांव सुनेत के रूप में हुई है। थाना डिवीजन-5 पुलिस के अनुसार हादसा करीब दोपहर साढ़े बारह बजे हुआ। ललिता देवी सराभा नगर स्थित एक कोठी में काम करती थी। काम के दौरान वह दूसरी मंजिल पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे आ गिरी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ललिता देवी को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस कोठी मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला कैसे और किन हालात में गिरी। मृतका ललिता देवी अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी।


