घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर जानलेवा हमला:कोरबा में हमलावरों ने दीवार पर लिखी धमकी, झूठ बोलेगा जगदीश तो पड़ेगा महंगा

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला हुआ है। 60 वर्षीय राम सिंह कंवर अपना नया मकान बना रहे हैं। निर्माण सामग्री की रखवाली के लिए वे घर के बाहर सो रहे थे। रात में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। सुबह उन्हें रेत के ढेर के पास बेहोश और खून से लथपथ हालत में पाया गया। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हमलावरों ने घर की दीवार, पानी की टंकी और गांव के सार्वजनिक मंच पर धमकी भरा संदेश लिखा। संदेश में लिखा था – “झूठ बोलेगा जगदीश तो पड़ेगा महंगा।” घटना के दौरान राम सिंह का बेटा जगदीश घर के अंदर सो रहा था। घर के बाहर कुछ युवकों ने राम सिंह को बेहोशी की हालत में देखा राम सिंह की पत्नी सावन बाई के अनुसार, घटना सुबह करीब 4:50 बजे की है। पड़ोस में चल रहे डांस कार्यक्रम से लौट रहे कुछ युवकों ने पहले खून के धब्बे देखे। फिर राम सिंह का खून से सना गमछा मिला। इसके बाद उन्हें बेहोश अवस्था में पाया गया। सावन बाई का कहना है कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *