सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला स्थित डाली बाबा मार्ग पर बुधवार को होली के दिन दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई। आरोपियों ने एक घर में घुसकर प्रजापति परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष हरिजन कॉलोनी का है, जबकि दूसरा पक्ष प्रजापति परिवार से संबंधित है। बताया गया कि हरिजन बस्ती के कुछ लोग नशे की हालत में सड़क पर गाली-गलौज कर रहे थे। जब वे प्रजापति परिवार के घर के सामने पहुंचे, तो घर के एक युवक ने उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो पहले कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की तथा मारपीट में बदल गया। घर पर पत्थर फेंके, लाठी-डंडों से हमला
देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर जमा हो गए और स्थिति बेकाबू हो गई। आरोप है कि सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रजापति परिवार के घर पर पत्थर, लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान घर के बाहर खड़ी चार गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और बिजली का मीटर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मौके पर एक बाइक भी पत्थर और पाटिया से टूटी हुई हालत में मिली। घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा पार्षद गोल्डी मलिक सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 115(2), 333, 324(4), 351(3) और 3/5 के तहत मुकदमा कायम किया गया है। नामजद आरोपियों में गोल्डी मलिक के अलावा रजित महतो, सुमित मलिक, समीर मलिक, सागर मलिक, रजत मलिक, लकी समुन्द्रे, बिट्टू मलिक, राहुल मलिक और गोलू मलिक शामिल हैं।
टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, भाजपा पार्षद को देर रात गिरफ्तार कर लिए जाने की भी खबर है।


