अजमेर में एक महिला को घर में नेगेटिव एनर्जी होने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बेसुध किया और अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद दोनों बदमाश वहां से फरार हो गए। महिला का बेटा घर पहुंचा और मां को जगाया तो हड़कंप मच गया। मामले की सूचना अलवर गेट थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार गहलोतो की डूंगरी निवासी मंजू पत्नी श्रवण सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है। बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके घर पर दो व्यक्ति आए और घर की घंटी बजाई थी। उसने जाकर दरवाजा खोला तो दोनों के द्वारा पानी मांगा गया जिसके बाद वह पानी लेने घर में चली गई। महिला ने पुलिस को बताया कि जब वह पानी लेकर आई तो दोनों घर के अंदर घुस चुके थे। बदमाशों के द्वारा उसे एक कार्ड दिया और कहा कि इस पर फूंक मारिए हमें आपके घर से नकारात्मक एनर्जी महसूस हो रही है। महिला ने बताया कि वह काला जादू पर विश्वास रखती थी इसी कारण उसने कार्ड पर फूंक मार तो कुछ समय बाद उसे चक्कर आने लग गए और वह बेसुध हो गई। महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद दोनों बदमाशों ने उससे कहा कि उसकी अलमारी में उनका सामान रखा हुआ है, वह हमें दे दे। महिला ने बताया कि उसने अलमारी खोली और डेढ़ तोला का मंगलसूत्र, कान की झुमरी और दो तोले की लड़ निकाल कर उन्हें दे दी। जब उसका बेटा घर आया और उसे उठाया तो चोरी होने की जानकारी मिली। पीड़ित की ओर से तुरंत मामले की सूचना अलवर गेट थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंच कर मौका मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।


