देवास के निमाड़ नगर उज्जैन रोड पर बुधवार को एक व्यक्ति का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अतुल सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बदबू आने के बाद आसपास के लोगों ने घर में जाकर देखा और अतुल को मृत पाया। इसके बाद उन्होंने मृतक के जीजा हेमंत सोनी को सूचना दी, जो आष्टा से देवास पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। जीजा हेमंत सोनी ने बताया कि अतुल की तबीयत कोरोना के बाद से खराब थी। उनकी दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बहनों की शादी के बाद अतुल अपनी मां के साथ घर में अकेला रहता था। उन्होंने ये भी बताया कि अतुल की मां भी मानसिक रूप से बीमार है, जबकि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। दो दिन पहले हो चुकी थी मौत- थाना प्रभारी
सिविल लाईन थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि अतुल सोनी की मौत एक से दो दिन पहले हो चुकी थी। वो टीवी (ट्यूबरक्लोसिस) और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित था। तीन-चार दिन से मृतक आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिया था, जिसके बाद पड़ोसियों को उसकी लाश घर में मिली। उन्होंने बताया की बॉडी पुरी डिकंपोज दो गई थी। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर रही है।