घर से आधार कार्ड अपडेट कराने निकलीं दो बहनें लापता, परिजनों को अपहरण की आशंका

हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के थर्ड स्ट्रीट स्थित अपने घर से निकली दो बहनें शनिवार की दोपहर अचानक गायब हो गईं। परिजनों ने अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत की है। पुलिस को दिए आवेदन में अल्तमस जहां ने कहा है कि उसकी बहनें रहनुमा परवीन और अमरीना परवीन आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए दोपहर 12:30 बजे घर से निकलकर कांटाटोली स्थित मंगल टावर गई थीं। दोनों वहां पहुंचीं या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन अचानक दोपहर लगभग 1:20 बजे पिता के मोबाइल पर एक बहन ने रोते हुए फोन किया। कहने लगी कि ऑटो रिक्शा वाला फोन व बैग छीन रहा है। इसके बाद तुरंत मोबाइल बंद हो गया। काफी प्रयास के बाद भी नहीं लगा। इसके बाद दोनों बहनों की खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद भी न तो फोन लगा आैर ना ही दोनों बहन के बारे में कोई जानकारी मिली। देर रात तक दोनों बहनें अपने घर नहीं लौटी थीं। लिखित शिकायत देने के बाद भी जब देर शाम तक पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की, तो पीड़ित परिजन भड़क गए। काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष जब थर्ड स्ट्रीट में जमा होने लगे तो सूचना मिलते ही आनन-फानन में थाने से पुलिस पार्टी पीड़ित के घर पहुंची। देर रात तक लापता दोनों युवतियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ओरमांझी में मिला मोबाइल का अंतिम लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज से भी तलाश टेक्निकल सेल के माध्यम से पुलिस को लापता बहनों के मोबाइल का अंतिम लोकेशन आेरमांझी में मिला है। हालांकि कुछ स्पष्ट लोकेशन नहीं मिल पा रहा है। अब पुलिस जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि आखिर वहां तक दोनों बहनें कैसे पहुंचीं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उस अॉटो के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिसमें घर से निकलने के बाद दोनों बहनें सवार हुई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *