भास्कर न्यूज | जांजगीर-बिर्रा होली के दिन पुरानी रंजिश में सात लोगों ने मिलकर ग्राम डभराखुर्द निवासी युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। लात-घूंसे और डंडों से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन युवक की जान नहीं बची और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। इधर इसी गांव में अब और नया मामला सामने निकलकर आ रहा है। युवक के अंतिम संस्कार होने के दूसरे दिन ही पड़ोस में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। इस मामले में भी मर्ग कायम कर लिया है। बिर्रा पुलिस अब दोनों मामले जांच में जुटी हुई है। डभराखुर्द निवासी चित्रांशु पटेल 14 मार्च होली के दिन वह अपने दोस्त अंकुर वैष्णव के साथ किसी काम से ग्राम डोमाडीह गया था। करीब 3 बजे दोनों गांव लौटे। बड़का तालाब के पास पहले से घात लगाए बैठे भुनेश्वर पटेल, मोहन पटेल, कृष्ण कुमार पटेल, दरसराम पटेल, दयाराम पटेल, राज केंवट और एक अन्य ने चित्रांशु को रोक लिया। सभी मिलकर उसे गालियां देने लगे। दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने चित्रांशु पटेल पर हमला कर दिया। लात-घूंसे और डंडों से बुरी तरह पीटा। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। चित्रांशु लहूलुहान पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके अंतिम संस्कार के अगले दिन पड़ोस में रहने वाली युवती ने खुदकुशी कर ली। हत्या करने वाले आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश इससे पहले भी चित्रांशु और आरोपियों के बीच विवाद हो चुका था। 14 मार्च को युवकों ने प्लानिंग कर वारदात को अंजाम दिया था। लेकिन घटना को पांच दिन बीत जाने के बाद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 109, 115(2), 191(2), 296, 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सुसाइड नोट नहीं मिला आरोपियों की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा। युवक के पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने खुदकुशी कर ली है। युवती के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। – कृष्ण पाल सिंह, थाना प्रभारी, बिर्रा


