भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ नगर पंचायत खोंगापानी क्षेत्रांतर्गत घुटरीटोला में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होने जा रहा है। यहां नगर पंचायत द्वारा बोर कराया जा रहा है। बोर के लिए 2 स्थानों का चिन्हांकन किया गया है जिसमें से पहला बोर सफल होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत खोंगापानी अंतर्गत घुटरीटोला में करीब 1 हजार की आबादी है, लेकिन पेयजल व्यवस्था के लिए कोई संसाधन नहीं है। यहां नगर पंचायत द्वारा टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। 1 सप्ताह में 4 टैंकर पानी पंचायत द्वारा पहुंचाया जाता है जो नाकाफी है। क्षेत्रवासियों की पेयजल समस्या को देखते हुए पंचायत द्वारा पूर्व में भी बोर कराया गया, लेकिन वह असफल रहा। इससे यहां के लोगों को काफी निराशा हाथ लगी। पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा ने हार नहीं मानी और दोबारा क्षेत्र में बोर के लिए स्थल का चिन्हांकन कराया गया। घुटरीटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास बोर कराया जा रहा है। इसमें 400 फीट बोर में 1 इंच पानी मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। पेयजल समस्या का होगा समाधान: अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि घुटरीटोला इलाके में पेयजल संकट को देखते हुए बोर कराया जा रहा है। बोर के लिए 2 स्थलों का चिन्हांकन किया गया है जिसमें से आंगनबाड़ी केंद्र के पास किए जा रहे पहले बोर में पानी मिलने से यहां के लोगों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि दूसरा बोर कोल दफाई में बिरसा मुंडा गार्डन तालाब के पास होना है। यहां भी बोर सफल होने पर बहुत हद तक क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान होगा। अध्यक्ष ने कहा कि पूरे निकाय क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सहजता से नागरिकों को मुहैया कराने वे प्रतिबद्ध हैं।


