लोहगढ़ गेट स्थित चंडिका मूलो माता मंदिर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव रविवार को करवाया गया। पंडित दीपक शर्मा की अध्यक्षता और भक्तों के सहयोग से कराए गोवर्धन पूजा, अन्नकूट महोत्सव दौरान गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन जी का विग्रह बनाया। इसी दौरान पंडित जी द्वारा वेदों और मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गोवर्धन जी की पूजा-अर्चना की गई। सबसे पहले नवग्रह पूजन और फिर हरेक देवी-देवता का आह्वान किया गया। इस मौके पर पंडित शर्मा ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने इंद्रदेव का घमंड तोड़ने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर अपने भक्तों की रक्षा की थी। इसके बाद इंद्रदेव ने भगवान श्री कृष्ण से माफी मांग अपनी भूल माफ कराई। उसी दिन से लेकर आज तक लोग भगवान गोवर्धन जी की पूजा करके कान्हा को प्रसन्न करते हैं।
इसी दौरान भक्तों की ओर से अपने घरों से बनाकर लाए छप्पन भोग भगवान गोवर्धन जी को भेंट किए। पूजा के बाद पंडित ने भगवान को छप्पन भोग लगाकर उसका प्रसाद बांटा। इस मौके पर अमित शर्मा, अश्विनी कपूर, राजेश कुमार, राजकुमार, राघव राजपूत, राकेश कुमार, उमेश कुमार ने प्रभु के भजन गाए। उन्होंने गणेश वंदना से भजनों का शुभारंभ किया। इसके बाद ‘गोविंद तेरो नाम प्यारा श्याम तेरा नाम प्यारा’ भजन गया। जिसे सुनकर भक्त भक्ति में खो गए। सुबह से दोपहर 12 बजे तक चली पूजा के बाद भंडारा लगाया गया। इस मौके पर पंडित और मंदिर प्रबंधकों की ओर से भक्तों को सम्मानित किया गया।


