चंडीगढ़ साइबर सेल ने राजस्थान से एक फर्जी तांत्रिक-मौलवी रोहित भार्गव को गिरफ्तार किया है। आरोपी मानसिक रूप से परेशान महिलाओं को डराकर उनसे पैसे ऐंठता था। उसने एक महिला से 40 लाख रुपये और 150 ग्राम सोना ठगा। सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन देकर लोगों को फंसाता था। पुलिस ने कॉल डिटेल और बैंक खातों की जांच के बाद उसे पकड़ा फर्जी तांत्रिक व मौलवी बनकर ठगी करने वाले युवक को चंडीगढ़ पुलिस ने राजस्थान के झूंझनूं से गिरफ्तार किया है। 25 वर्षीय रोहित भार्गव नकारात्मक शक्तियों का डर दिखाकर मानसिक रूप से परेशान महिलाओं को ठगता था। उसके पास से एक वीवो मोबाइल फोन और एक आईफोन 16 प्रो बरामद किया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि एक नंबर से वह मौलवी बरकत खान और दूसरे से दिलबर शाह बनकर बात करता था। सोशल मीडिया पर डालता फर्जी धार्मिक विज्ञापन पुलिस पूछताछ मेंद आरोपी कबूल किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर फर्जी धार्मिक विज्ञापन डालता था। पहले छोटी रकम मंगाई जाती थी, फिर डर और धमकी देकर लगातार पैसे और गहने ऐंठे जाते थे। ठगी की रकम दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे। रोहित के खिलाफ 14 जनवरी को एक महिला ने शिकायत दी थी। वह पारिवारिक तनाव और मानसिक परेशानी से गुजर रही थी। उसने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखाए गए फर्जी विज्ञापन पढ़े, जिनमें तांत्रिक-मौलवी बनकर घरेलू और निजी समस्याओं का समाधान करने का दावा किया गया था। पहले भरोसा जीता फिर डराया रोहित और उसके साथी ने तांत्रिक बाबा और मौलवी की फर्जी पहचान बनाकर पीड़िता का भरोसा जीता। बाद में उसे डराया गया कि उस पर नकारात्मक शक्तियों का साया है और इसे ठीक करना है तो खर्चा-पानी देना होगा। समाधान नहीं कराया तो बड़ी अनहोनी हो सकती है। महिला के डर और अंधविश्वास का फायदा उठाकर उससे बार-बार पैसे वसूल किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण भी आरोपित को दिए। ठगी की रकम 40 लाख रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंक केवाईसी और मोबाइल नंबरों की जांच की। आरोपित के नाम पर बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक में दो खाते पाए गए। कई मोबाइल नंबरों से पीड़िता से संपर्क किया गया, जो आरोपी से जुड़े पाए गए।


