चंडीगढ़ में एक्सीडेंट में 2 स्टूडेंट्स की मौत:बेकाबू हुई तेज रफ्तार बाइक, सड़क पर लगे पोल से टकराई, आईटी पार्क से लौट रहे

चंडीगढ़ में शुक्रवार को आईटी पार्क क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर गंभीर हालत हो गई, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आईटी पार्क किशनगढ़ चौक से शास्त्री नगर की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक पर आईटी पार्क की ओर से आ रहे थे। किशनगढ़ चौक से शास्त्री नगर की सड़क पर मुड़ते ही तेज रफ्तार के कारण बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों के हेलमेट टूटकर चकनाचूर हो गए। दोनों ने अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं और सड़क पर काफी खून बिखर गया। सूचना मिलने पर आईटी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। एक युवक को सेक्टर-16 और दूसरे को सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मोहाली के रहने वाले थे मृतकों की पहचान विकास और रोहित सिंह रावत के रूप में हुई है। दोनों गोविंद नगर, जामपुर (मोहाली) के रहने वाले थे और चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित खालसा कॉलेज में बीए फाइनल ईयर के छात्र बताए जा रहे हैं। आईटी पार्क थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार के चलते बाइक का बेकाबू होना माना जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *