दिल्ली व हिमाचल प्रदेश से नशा लाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करने वाले दो नशा तस्करों को चंडीगढ़ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 80.78 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। आरोपियों को डीएसपी धीरज कुमार की सुपरविजन में एएनटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह की अगुआई में पकड़ा गया। एएनटीएफ टीम ने सेक्टर-28/सी स्थित सरकारी स्कूल के पास से जीरकपुर स्थित बलटाना के बडावा नगर निवासी अभिषेक चंदेल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.01 ग्राम आईस (एम्फेटामाइन) बरामद हुई। इसके बाद थाना एएनटीएफ, सेक्टर-11 चंडीगढ़ में धारा 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। सह-आरोपी 5 दिन के रिमांड पर पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अभिषेक ने बताया कि उसका एक और साथी है, जिसका नाम तरुण उर्फ हार्डी है और वह चंडीगढ़ सेक्टर-28 स्थित सरकारी मकान में रहता है। उसके माता-पिता सरकारी नौकरी करते हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चंडीगढ़ में कई जगह रेड की। आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन का पुलिस रिमांड मिला। आरोपी की निशानदेही पर कार से बरामद हेरोइन पुलिस रिमांड के दौरान तरुण के खुलासे पर धनास गांव स्थित लकड़ का ताल के पास कच्ची पार्किंग में खड़ी चंडीगढ़ नंबर की कार की डिक्की से 18.43 ग्राम हेरोइन और 52.34 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने कार और बरामद नशीला पदार्थ कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशा कहां से लाया गया और किसे सप्लाई किया जाना था।


