होली के दिन चंडीगढ़ में हुड़दंग की तस्वीरें सामने आई हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी के गेट के सामने युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसे चले और एक युवक की शर्ट तक फाड़ दी गई। घटना का करीब 22 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में युवक होली मनाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दो युवकों को कुछ लोग घेरकर पीटते नजर आते हैं। एक युवक शर्ट पहने हुए है, जबकि दूसरा सफेद रंग की कमीज में है। मारपीट के दौरान एक की शर्ट फाड़ दी जाती है। हालात बिगड़ते देख दोनों युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाते नजर आते हैं। युवती ने किया बीच-बचाव वीडियो में काले रंग की शर्ट पहने एक युवती भी नजर आती है, जो झगड़ा छुड़वाने की कोशिश करती है। हालांकि, जब मारपीट नहीं रूकती बल्कि और तेज हो जाती है और मुक्के चलने लगते हैं तो वह भी एक तरफ हट जाती है। यह झगड़ा सेक्टर-15 स्थित लाइट प्वाइंट, पंजाब यूनिवर्सिटी गेट के सामने हुआ। दोनों ओर से आ रही गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। वीडियो में सड़क पर गाड़ियां रेंगती हुई दिखाई दे रही हैं। पुलिस से भी हुई हाथापाई इसी क्षेत्र में होली के दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हुड़दंग मचा रहे युवकों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कुछ युवकों ने पुलिस से ही हाथापाई शुरू कर दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


