चंडीगढ़ में सेक्टर-25 झुग्गी पर आज चलेगा बुलडोजर:शहर को स्लम फ्री बना रहा प्रशासन; लोगों ने खुद निकाला सामान, बोले-अब कहां जाएं

चंडीगढ़ में प्रशासन की ओर से शहर को स्लम फ्री सिटी बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सेक्टर-25 की झुग्गी बस्ती को हटाने की तैयारी है। मंगलवार को प्रशासन द्वारा यहां बुलडोजर चलाया जाएगा। इससे पहले लोगों को नोटिस देकर झुग्गियां खाली करने का निर्देश दे दिया गया है। इस दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल भी तैनात होगा। सोमवार को कॉलोनी के लोग अपने-अपने घरों का सामान टैंपो में जाते हुए नजर आए। कई लोग लोहे की चादरें, ईंटें और जरूरी घरेलू सामान निकालते दिखे, ताकि कहीं और नई झुग्गी बनाकर सिर पर छत का इंतजाम कर सकें। गौरतलब है कि इससे पहले प्रशासन ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की संजय कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया था। प्रशासन का कहना है कि चंडीगढ़ को स्लम फ्री बनाने के लिए अवैध कालोनियों को हटाया जा रहा है। लोग बोले- अब कहां जाएं, कुछ समझ नहीं आ रहा सेक्टर-25 में रहने वाले मुकेश ने बताया कि यहां हजारों लोग रहते हैं। अगर कॉलोनी हटा दी गई तो सब बेघर हो जाएंगे। वहीं सुनीता नाम की महिला ने कहा, “हम किराया देने की हालत में नहीं हैं। अब कहां जाएंगे, कुछ समझ नहीं आ रहा। वोटर कार्ड से लेकर सभी जरूरी दस्तावेज हमारे पास हैं, फिर भी हमें घर नहीं दिया गया। लोगों ने की घर देने की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके बच्चे सेक्टर-25 के स्कूलों में पढ़ते हैं। अगर झुग्गियां हटा दी गईं तो वे दूसरी जगह शिफ्ट होंगे और बच्चों की पढ़ाई बीच में छूट जाएगी। महिलाओं ने कहा कि उन्हें भी मकान मिलना चाहिए, उनका कसूर क्या है? कॉलोनी के लोगों में डर और बेचैनी का माहौल है। कई परिवार पहले ही झुग्गियां खाली कर झामपुर, दरिया या मोहाली की ओर पलायन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां भी थोड़ी जगह मिलेगी, वहीं दोबारा झुग्गी बनाकर रहना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *