चंडीगढ़ के मनीमाजरा में 7 साल के बच्चे को कुत्ते के काटने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। घटना रविवार दोपहर की है और पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। छत पर खेल रहा था किक्रेट घायल बच्चा एक पुलिसकर्मी का बेटा है। बच्चे के पिता सुमित ने बताया कि रविवार होने के कारण उनका बेटा घर की पहली मंजिल की छत पर क्रिकेट खेल रहा था। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे गेंद नीचे गिर गई। जैसे ही बच्चा गेंद लेने नीचे आया, पड़ोस में मौजूद कुत्ते ने उसे काट लिया। बच्चा चीखने लगा तो वह दौड़कर नीचे पहुंचे और बेटे को कुत्ते से छुड़ाया। पिता के अनुसार जब वह बेटे को इलाज के लिए ले जा रहे थे तो कुत्ते के मालिक साहिल और दीपक ने कहा कि वे खुद इलाज करवा देंगे। इसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद डंडे लेकर मारपीट की गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अंकित और सुनील नाम के दो युवकों को भी चोटें आईं। हाथ जोड़कर मांगी माफी वहीं दूसरी ओर कुत्ते के मालिक साहिल का कहना है कि उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं और कुत्ता पास में था। इसी दौरान ऊपर रहने वाले बच्चे की गेंद नीचे गिरी। बच्चा जैसे ही गेंद उठाने आया, कुत्ते ने काट लिया। उनका कहना है कि उन्होंने तुरंत बच्चे को छुड़ाया और पिता से माफी भी मांगी, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया। साहिल का आरोप है कि दूसरी ओर से कुछ लोग बुलाकर डंडों से मारपीट की गई, जिसमें उसका भाई दीपक और भांजा अरमान घायल हुए। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद मनीमाजरा में जिस जगह पर घटना हुई वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। जिसमें पहले दोनों पक्ष मारपीट करते हुए नजर आ रहे है और उसी दौरान कुछ युवक सामने से आते है। वो आते ही मारपीट करने लगते है। पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है।


