चंडीगढ़ में CTU खरीदेगा 40 नई बसें:पुरानी डीजल बसें होंगी रिप्लेस, जल्द होगी टेंडर प्रक्रिया, दिल्ली सहित प्रमुख रूट पर चलेंगी

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) अब लंबी दूरी के यात्रियों को राहत देने के लिए 40 नई नॉन एसी डीजल बसें खरीदने जा रहा है। इसके लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। ये नई बसें वर्तमान में चल रही 40 पुरानी डीजल बसों को रिप्लेस करेंगी, जो जल्द ही अपनी 15 साल की सेवा अवधि पूरी कर खराब हो जाएंगी। सीटीयू की ये नई बसें चंडीगढ़ से दिल्ली, सिरसा, शिमला, अमृतसर, लुधियाना, ज्वालाजी, तलवंडी साबो जैसे प्रमुख रूटों पर चलेंगी। अधिकारियों के अनुसार इन बसों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी बसों में आरामदायक सीटें, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन की जानकारी भी मिल सकेगी। जनवरी में शुरू की थीं 60 एसी बसें गौरतलब है कि सीटीयू ने इसी साल जनवरी में 60 एसी बसें भी रूट पर उतारी थीं, जो दिल्ली, सिरसा, नारनौल वाया रोहतक, शिमला, अमृतसर सहित कई जगहों पर यात्रियों को सेवाएं दे रही हैं। अब नॉन एसी डीजल बसों की खरीद से लंबी दूरी के रूटों पर बसों की उपलब्धता और बेहतर होगी। दूसरी ओर, लोकल रूट के लिए प्रस्तावित 100 इलेक्ट्रिक बसों की योजना अब भी केंद्र सरकार की मंजूरी के इंतजार में रुकी हुई है। प्रशासन ने डेढ़ महीने पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) को आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) भेजी थी। इसके तहत डिपो नंबर-4 की पुरानी 100 डीजल बसों को रिप्लेस किया जाना है, जो नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक 15 साल पूरे कर खराब हो जाएंगी। सीटीयू को केंद्र सरकार की पीएम ई-बस योजना के तहत डेढ़ साल पहले इन 100 इलेक्ट्रिक बसों के लिए सब्सिडी की मंजूरी भी मिली थी। अधिकारियों ने इस संबंध में दिल्ली जाकर मंत्रालय को प्रेजेंटेशन भी दी, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। टेंडर जारी करने के लिए अब मंत्रालय से अंतिम मंजूरी का इंतजार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *