चंडीगढ़ DGP से सम्मानित चोर गिरफ्तार:पकडवाया था स्नेचर, अब नमाज पढ़ने गई महिला के घर को बनाया निशाना,सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

कभी स्नैचर पकड़वाने में चंडीगढ़ पुलिस की मदद कर सम्मान पाने वाला युवक अब खुद चोरी के मामले में गिरफ्तार हो गया है। अगस्त 2025 में सेक्टर-28 निवासी अभिषेक शर्मा को चंडीगढ़ डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा द्वारा बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया था। इस दौरान एसएसपी कवंरदीप कौर भी वहीं पर मौजूद थी, लेकिन वही अभिषेक शर्मा चोरी के सामान के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सम्मान से सलाखों तक का यह सफर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। नमाज पढ़ने गई महिला के घर को बनाया निशाना यह मामला दीप कॉम्प्लेक्स, हल्लोमाजरा निवासी गुलशाना पत्नी शौकीन की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार 1 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11:20 बजे वह घर पर ताला लगाकर नमाज पढ़ने गई थीं। दोपहर करीब 1 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से एक इंडेन गैस सिलेंडर, दो चांदी की चेन, तीन चांदी की अंगूठियां, एक रियलमी मोबाइल फोन और 6000 रुपये नकद चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज से खुला राज घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक वारदात को अंजाम देते नजर आए। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से गैस सिलेंडर सहित अन्य चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। जानिए सम्मान से सलाखों तक सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अगस्त 2025 में अभिषेक शर्मा को स्नैचर पकड़वाने में पुलिस की मदद करने पर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया था। उस समय उसे जिम्मेदार और साहसी नागरिक के रूप में सराहा गया था। अब वही युवक चोरी के मामले में गिरफ्तार होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं—क्या यह अचानक बदला रास्ता है या वह पहले से ही दोहरी जिंदगी जी रहा था? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। चंडीगढ़ में यह मामला “सम्मान से सलाखों तक” की कहानी बन गया है, जिसने न सिर्फ पुलिस महकमे बल्कि आम लोगों को भी हैरान कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *