जांजगीर| सिद्ध शक्ति पीठ चण्डी दाई तीरथ धाम महंत में 29 मार्च को ग्राम के सभी देवी-देवताओं को आमंत्रित करने के लिए भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ चण्डी दाई मंदिर से हुआ, जिसमें ग्राम के बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कलश धारण किए कन्याएं शामिल हुईं। यात्रा में सती दाई, ठाकुर देव, शीतला माता, महावीर श्री हनुमान, काली माता और अन्य ग्राम देवताओं के साथ नगर भ्रमण करते हुए पूजा अर्चना की गई। जय चण्डी दाई सेवा समिति के संयोजक देवेश कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्रि पर्व में अंचल और देश-विदेश के भक्तों द्वारा मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए जाते हैं। 30 मार्च को चैत्र प्रतिपदा के शुभ अवसर पर 11.36 से 12.36 बजे तक श्री चण्डी दाई के गर्भ गृह में घट स्थापना की जाएगी और उसके बाद मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।


