चूरू में चंद्रग्रहण के कारण बुधवार को भी कई स्थानों पर होली खेली गई। इससे पहले मंगलवार को कुछ इलाकों में होली खेली गई थी, लेकिन चंद्रग्रहण के चलते कई लोगों ने मंगलवार को होली नहीं खेली। उन्होंने बुधवार को होली खेलकर त्योहार का लुत्फ उठाया। पंडित महेंद्र शास्त्री ने बताया कि मंगलवार को चंद्रग्रहण होने के कारण बुधवार को होली खेली गई। मंगलवार सुबह सूतक लगने के कारण चूरू के कई इलाकों में धुलंडी नहीं मनाई गई थी। ग्रहण मंगलवार शाम 6 बजकर 47 मिनट पर समाप्त हुआ।
शहर के नए बस स्टैंड, नया बास, ओसवाल पंचायत धर्मशाला के पास, अगुणा मोहल्ला और संचियाय माता मंदिर के पास बुधवार को लोगों ने होली खेली। युवाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और होली की धुन पर नाचकर जश्न मनाया। चूरू पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी होली खेली। मंगलवार को होली की ड्यूटी पर तैनात होने के कारण पुलिसकर्मी त्योहार नहीं मना पाए थे, इसलिए उन्होंने बुधवार को होली खेली। पुलिस के अधिकारी और जवानों ने होली के गानों पर जमकर डांस किया। इस अवसर पर एसपी जय यादव, एएसपी सुनील कुमार, डीएसपी सुनील झाझड़िया, कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया, सदर थानाधिकारी मोटाराम और यातायात प्रभारी हंसराज गुर्जर सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे।


