डकैतों के लिए कुख्यात चंबल अब लुटेरी दुल्हनों के लिए चर्चित हो रहा है। पिछले कुछ समय से यहां नोटरी पर शादियां कराई जा रही हैं। इसके बाद गैंग के सदस्य दुल्हन का अपहरण कर लेते हैं। कुछ मामलों में दुल्हन खुद भी फरार हो जाती है। 21 जनवरी को ऐसा ही एक मामला सामने आया। ग्वालियर का एक कारोबारी परिवार बेटे की शादी कर दुल्हन को घर ले जा रहा था। तभी दाल बाजार में कार रुकवाकर कुछ युवकों ने हंगामा किया और कुछ ही देर में दुल्हन का अपहरण कर फरार हो गए। मामले की जांच शुरू हुई तो पूरे रैकेट की परतें खुलती चली गईं। ग्वालियर में सात सदस्यीय गैंग इस तरह कुंवारों को जाल में फंसाकर रुपये और गहने ऐंठ रहा था। इस गैंग ने एक ठेकेदार के मानसिक दिव्यांग बेटे की शादी के लिए सुंदर दुल्हन का दो लाख रुपए में इंतजाम कराया था। नोटरी पर शादी के बाद जब परिवार दुल्हन को लेकर घर जा रहा था, तभी बाइक और एक्टिवा सवार युवक दुल्हन के रिश्तेदार बनकर आए और उसे जबरन ले भागे। इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया। पुलिस ने खुलासा किया कि सात सदस्यीय गैंग ने इसी तरह की वारदातें ग्वालियर से पहले श्योपुर के विजयपुर और पन्ना जिले में भी की हैं। दुल्हन के लिए गैंग अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी सहेलियों का इस्तेमाल करता था। पढ़िए…
कॉन्ट्रेक्टर ने मानसिक दिव्यांग बेटे के लिए खरीदी दुल्हन ग्वालियर के शिवपुरी लिंक रोड निवासी महेंद्र पाराशर कॉन्ट्रेक्टर हैं। उनके बेटे अस्मित की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। जिसके कारण उसकी शादी नहीं हो रही थी। बेटे अस्मित की शादी के लिए उन्होंने कई परिचित से कह रखा था। बेटे के शादी के लिए उनके परिचित राकेश शर्मा ने जौरा निवासी बंटी धाकड़ से मुरैना के पचोखरा में मुलाकात कराई थी। इस दौरान बंटी ने कहा कि उसका एक रिश्तेदार है। वह दो लाख रुपए में शादी की डील करा देगा। सारी बात हुई और दो लाख रुपए देकर शादी की बात तय हो गई। 21 जनवरी को बंटी धाकड़ ने हजीरा स्थित गार्डन में दो लाख रुपए ले लिए। रुपए लेने के बाद बंटी धाकड़ 22 जनवरी को दुल्हन पूनम गौड़ निवासी हजीरा को शादी कराने के लिए लेकर आया था। इससे पहले इदरगंज में शादी की नोटरी भी कराई गई। बीच बाजार वारदात की, खुल गया गैंग का राज नोटरी पर शादी के बाद ठेकेदार महेंद्र अपने बेटे और नई बहू को कार से घर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान दाल बाजार में एक बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए पांच युवकों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। सभी मुंह बांधे हुए थे। उन्होंने जमकर हंगामा किया। कार के कांच तोड़ दिए। जबरन कार का गेट खुलवा कर युवती का अपहरण कर ले गए। उन्होंने दुल्हन बनी पूनम से वादा किया था कि उसे एक दिन भी दूल्हे के साथ नहीं गुजारने देंगे। लेकिन, गैंग से चूक यह हो गई कि उन्होंने पहली बार बीच बाजार ऐसी वारदात की। पूरी घटना बाजार में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। कड़ियां जोड़ते हुए इस गैंग तक पहुंच गई। मामले में 2 युवतियों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ग्वालियर, श्योपुर, पन्ना में की वारदातें… कल्याणपुर में नोटरी पर कराई शादी केस 1: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के कल्याणपुर में 11 अगस्त 2024 को इसी गैंग ने एक कारोबारी के बेटे से रूचि नाम की युवती से नोटरी पर शादी कराई थी। वहां शादी कराने के लिए गैंग के सरगना बंटी धाकड़ ने तीन लाख रुपए लिए थे। कारोबारी के बेटे की शादी नहीं हो रही थी इसलिए उसने नोटरी पर शादी कराई थी। शादी के चार दिन बाद सारे गहने-कैश समेटकर दुल्हन भाग गई, लेकिन कारोबारी का परिवार बड़ा था। सभी ने बिना पुलिस को सूचना दिए लुटेरी दुल्हन की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने आपस में समझौता किया। लुटेरी दुल्हन ने सारे गहने व कैश लौटा दिया। जिस पर पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस थाना में नहीं की। गैंग ने इस वारदात का खुलासा किया है। तीसरी बार मायके से लौटी ही नहीं दुल्हन केस-2: चंबल अंचल में श्योपुर जिले के वीरपुर में एक व्यवसायी के बेटे के उम्र दराज होने पर इसी गैंग ने रूचि नाम की युवती से शादी का सौदा किया था। 23 फरवरी 2025 को गोद भराई की रस्म हुई फिर 4 मार्च को शादी हुई। यहां दुल्हन रूचि शादी के बाद दो बार मायके मायके गई और लौटकर आ गई, लेकिन तीसरी बार में वह सारे गहने समेटकर मायके के लिए निकली, लेकिन लौटकर नहीं आई। वीरपुर में थाना में मामला भी दर्ज है। लुटेरी दुल्हन रूचि को वीरपुर पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है, जबकि इस गैंग के सरगना बंटी धाकड़ व हीरा जादौन को वहां की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दुल्हन समेत पांच आरोपी वहां अभी फरार हैं। दो लाख रुपए में दुल्हन का सौदा किया केस-3 : ग्वालियर के कॉन्ट्रेक्टर महेंद्र पाराशर के मानसिक रूप से कमजोर बेटे के लिए 21 जनवरी 2026 को बंटी धाकड़ ने दो लाख रुपए में दुल्हन का सौदा किया। 22 जनवरी 2026 को इंदरगंज में नोटरी पर शादी कराई। ठेकेदार ने बहू पर गहने चढ़ाए जब वह बहू को लेकर जा रहे थे इसी गैंग के सदस्य वहां पहुंचे और लड़की को अपनी बहन बताकर जबरन उससे शादी का आरोप लगाते हुए उसे ले गए। इस मामले में सीसीटीवी आने के बाद ग्वलियर के कोतवाली थाना पुलिस ने दो युवतियां समेत सभी 07 आरोपी पकड़ लिए हैं।
लुटेरी दुल्हन गैंग में हर सदस्य की अलग भूमिका मुरैना के जौरा पचोखरा निवासी बंटी धाकड़ गिरोह का सरगना है। यह पूरी गैंग को ऑपरेट करता है। लड़कियों का रिश्तेदार बनकर लोगों से मिलता है और शादी का सौदा करता है। रुपए का हिसाब भी यही रखता था। सत्यपाल सिंह उर्फ हीरा जादौन निवासी मुरैना इसकी गैंग में पोजिशन सरगना नंबर दो है। बंटी धाकड़ के बाद हीरा ही गैंग का मुखिया होता है। इसका काम शादी का पूरा सेटअप जमाना होता है। वह नोटरी पर शादी का इंतजाम करता था। जबकि राकेश शर्मा बिचोलिया है और शादी के लिए लड़के तलाशता है। ऐसे लड़कों को सर्च किया जाता था जिनकी शादी नहीं हो रही है, लेकिन परिवार पर पैसे की कोई कमी नहीं है। ग्वालियर के केस में इसी ने लड़के के पिता ठेकेदार महेंद्र पाराशर को बंटी धाकड़ से मिलवाया था। शिवानी और डॉली उर्फ पूनम गौर इनका काम गैंग में दुल्हन बनने का है। ग्वालियर के केस में पूनम दुल्हन बनी थी। पूनम बीए पास है, जबकि शिवानी 12वीं पास है। श्योपुर के वीरपुर व पन्ना में गिरोह की अन्य महिला सदस्य रूचि दुल्हन बनी थी। बेटू उर्फ संस्कार कुशवाह, अयान खान, मन्नू कुशवाह इनका काम दुल्हन को उसके ससुराल से निकालना होता है। यह दुल्हन को अपनी बहन बताकर या रिश्तेदार बताकर शादी को शून्य बताकर छुड़ा लाते थे। ग्वालियर के केस में इन्होंने सरेआम दुल्हन का अपहरण किया था। चंबल में तेजी से फैला रहे थे रैकेट गैंग के सरगना बंटी और हीरा जादौन ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि उनका कार्य क्षेत्र ग्वालियर-चंबल अंचल था। यहां महिला लिंगानुपात काफी कम है। यही कारण है कि लड़के यहां ज्यादा कुंवारे हैं। दुल्हन की चाह में लड़के और उनके परिवार के लोग आसानी से उनके जाल में फंस जाते हैं। यही कारण ग्वालियर-चंबल अंचल के शहर उनके टारगेट पर थे। यह खबर भी पढ़ें… मानसिक रूप से कमजोर युवक से शादी कर दुल्हन फरार ग्वालियर में एक मानसिक रूप से कमजोर युवक से दो लाख रुपए लेकर शादी करने के बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई। यह मामला गुरुवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें…


