विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय मेलगांडी समेत अन्य कई लोगों को छह वर्षों तक के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। इसकी जानकारी भाजपा के जिला मंत्री प्रताप कटियार महतो ने दी। प्रताप कटियार महतो ने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी का संगठन महापर्व चल रहा है। चुनाव के दौरान कई कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी छोड़ने, पार्टी विरोधी कार्य करने व पार्टी से त्याग पत्र देने वालों की भाजपा में छह वर्षों तक वापसी नहीं होगी। पार्टी विरोधी कार्य करने वालों को छह वर्षों तक पार्टी से निष्कासित किया गया है। साथ ही वैसे लोगों को सक्रिय सदस्यता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी कार्य करने वालों के प्रमाण मिलने पर सक्रिय सदस्यता से रोका जाएगा। इन्हें किया गया निष्कासित चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, शेष नारायण लाल, विजय मेलगांडी, ललित नारायाण ठाकुर, मनोहरपुर विधानसभा से रामेश्वर तैसुम, ललिता कोड़ाह, जगन्नाथपुर विधानसभा से अशोक दास, मांगीलाल केराई को पार्टी में 6 वर्षों तक सक्रिय सदस्यता नहीं मिलेगी। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा, भाजपा जिला मंत्री सुरेश साव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ललित मोहन गिलुवा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तियु, एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष तीरथ जामुदा, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य संजय मिश्रा, अशोक दास, शिवलाल रवानी,संदीप साव समेत अन्य मौजूद थे।


