सरगुजा के लखनपुर में चचेरी बहन ने किशोरी को अपने परिचित युवक के पास भेज दिया। परिचित युवक ने उसे एक नए बने मकान में ले जाकर उसके साथ रेप किया। पीड़ित किशोरी ने थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चचेरी बहन एवं रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को पूर्व में शादी का झांसा देकर परिचित युवक ने रेप किया था, जिसके बाद वह दो माह की गर्भवती है। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ भी FIR दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, 10 अप्रैल को लखनपुर थाने पहुंचकर नाबालिग किशोरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एक माह से अपनी चचेरी दीदी सूरजपति के साथ लखनपुर में किराए के मकान में रह रही थी। 09 अप्रैल को सूरजपति ने किशोरी को बताया कि उसके मोबाइल पर गांव से किसी परिचित का फोन आया है, वह जाकर मिल ले। जब किशोरी वहां गई तो वहां उसे एक युवक मिला, जिसने किशोरी को पहचानने का दावा करते हुए उसे अपने साथ बाइक में बैठाकर ले गया। जान से मारने की धमकी देकर रेप
बाइक सवार युवक किशोरी को सड़क किनारे नए बने एक मकान में ले गया। किशोरी उसे पहचान नहीं पाई। युवक ने अपना नाम राधेश्याम गुप्ता बताया। युवक ने जान से मारने की धमकी देकर किशोरी के साथ रेप किया। आरोपी किशोरी को मौके पर छोड़कर भाग गया। वह वहां से पैदल अपने मकान में वापस आई। चचेरी बहन एवं आरोपी युवक गिरफ्तार
किशोरी ने 10 अप्रैल को मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने चचेरी दीदी सूरजपति (26) एवं राधेश्याम गुप्ता (35) निवासी बाजारपारा लखनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ धारा 64(1), 64(2) (h) 3 (V) BNS व 3-(2) (5) SC/ST एक्ट एवं पॉस्को एक्ट की धारा 4, 6 का अपराध दर्ज किया गया है। लखनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस मयंक मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। शादी का झांसा देकर रेप, प्रेग्नेंट हुई किशोरी
पीड़ित किशोरी ने एक और एफआईआर अपने प्रेमी के खिलाफ भी दर्ज कराई है। किशोरी ने रिपोर्ट में बताया कि परिचित युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया, जिससे वह दो माह की गर्भवती है। इसके बाद वह अपनी चचेरी दीदी के घर रह रही थी।
किशोरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।


