पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकेला गांव में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आपसी विवाद के चलते युवक के चाचा और चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना बरकेला गांव के टोला बांदा साईं में हुई। मृतक की पहचान बुंडू बायपाई उर्फ जंगगुवा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों में 70 वर्षीय गोमती बायपाई उर्फ जोजो बायपाई (चाचा) और उसका 20 वर्षीय बेटा कुरूपा बायपाई (चचेरा भाई) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात को किसी बात को लेकर मृतक का अपने चाचा और चचेरे भाई से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर बुंडू की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा गोमती बायपाई को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसका बेटा कुरूपा बायपाई अभी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में पहले से ही कुछ विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही फरार आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।